जशपुर, टीम पत्रवार्ता 29 मार्च 2026
छत्तीसगढ़ में डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘डिजिटल डोर सुविधा’ का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत अब जशपुर नगर पालिका क्षेत्र के नागरिक घर बैठे क्यूआर कोड स्कैन कर जल कर, संपत्ति कर और दुकान कर का भुगतान आसानी से कर सकेंगे।
यह सुविधा HDFC Bank के सहयोग से शुरू की गई है। इसके अंतर्गत नगर पालिका जशपुर के प्रत्येक घर के लिए अलग-अलग क्यूआर कोड तैयार किए गए हैं, जिन्हें घर-घर चस्पा किया जा रहा है। इस क्यूआर कोड में मकान मालिक का नाम, मकान नंबर, मोबाइल नंबर और बकाया कर की पूरी जानकारी उपलब्ध रहेगी।
नागरिक क्यूआर कोड स्कैन कर डी.डी.एन नंबर, मोबाइल नंबर या प्रॉपर्टी आईडी के माध्यम से अपनी देय राशि देख सकेंगे और यूटीआई, डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग के जरिए सुरक्षित भुगतान कर पाएंगे। भुगतान के तुरंत बाद डिजिटल रसीद भी प्राप्त होगी।
नगर पालिका जशपुर में लागू प्रॉपर्टी टैक्स इंफॉर्मेशन सिस्टम एक आधुनिक आईसीटी आधारित व्यवस्था है, जिसके माध्यम से लगभग 4600 हाउसहोल्ड—आवासीय, व्यावसायिक और औद्योगिक संपत्तियों को जोड़ा गया है। यह प्रणाली राजस्व संग्रहण को पारदर्शी, सरल और प्रभावी बनाएगी।
इस पहल से नागरिकों को समय और श्रम की बचत होगी, वहीं नगर पालिका के कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता भी बढ़ेगी। डिजिटल भुगतान से राजस्व संग्रहण में तेजी आएगी और नगरीय प्रशासन और अधिक सशक्त होगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद कुमार भगत, नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, कृष्णा राय, कलेक्टर रोहित व्यास, नगर पालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय, एचडीएफसी बैंक के रीजनल मैनेजर सराफत अली और शाखा प्रबंधक दीपक दास सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।


0 Comments