जशपुर,टीम पत्रवार्ता,14 फरवरी 2026
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत संचालित बिहान मिशन में कोच/सीआरपी चयन प्रक्रिया को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। संघर्ष संघ क्लस्टर संगठन, बगीचा (ग्राम पंचायत बगडोल, तहसील बगीचा, जिला जशपुर) द्वारा CG-SAY योजना अंतर्गत अति गरीब परिवारों के क्षमता-वर्धन व रोजगार संवर्धन के लिए कोच चयन की प्रक्रिया आयोजित की गई थी। लिखित परीक्षा (50 अंक) और साक्षात्कार (50 अंक) के आधार पर मेरिट सूची तैयार कर 27 कोचों का चयन किया गया है। 16 फरवरी 2026 को दस्तावेज सत्यापन तथा 17 फरवरी 2026 को समझौता-पत्र हस्ताक्षर की तिथि निर्धारित की गई है।
इसी बीच, ग्राम सुलेसा तहसील सन्ना निवासी अभ्यर्थी गीतेश्वर यादव ने चयन प्रक्रिया में अनियमितता और रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायत में अभ्यर्थी का दावा है कि 9 फरवरी 2026 की लिखित परीक्षा में 50 में से संतोषजनक अंक प्राप्त किए।
10 फरवरी 2026 के साक्षात्कार में पूछे गए सभी प्रश्नों के सही उत्तर देने के बावजूद उनको कम अंक दिए गए।अन्य अभ्यर्थियों से कम प्रश्न पूछे जाने और उन्हें अधिक अंक देने का आरोप अभ्यर्थी ने लगाया है।
NRLM बिहान के स्थानीय अधिकारियों BRP धरमराज और BPM रंगेश कुमार साहू पर कथित रूप से 10,000 रुपये रिश्वत की मांग करने का आरोप अभ्यर्थी ने लगाया है।
अभ्यर्थी ने मांग की है कि उनके लिखित एवं साक्षात्कार अंकों का पुनर्मूल्यांकन कर निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।
संघर्ष संघ द्वारा 25 ग्राम पंचायतों के 24 ग्राम संगठनों में 807 अति गरीब परिवारों के चयन के अनुपालन में 27 कोचों की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। शिकायत के मद्देनजर अब निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि जांच के आदेश होते हैं, तो दस्तावेज सत्यापन और आगे की प्रक्रिया पर भी असर पड़ सकता है।
मामले में बीपीएम रंगेश साहू ने बताया कि उनके ऊपर लगे आरोप निराधार हैं उन्होंने अभ्यर्थी से कोई पैसे की मांग नहीं की है।अभ्यर्थी का साक्षात्कार चयन हेतु निर्धारित टीम के द्वारा लिया गया है जिसमें अंक देने के लिए वे स्वतंत्र हैं।उन्होंने बताया कि शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुसार चयन प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है।
बहरहाल उक्त मामले में एनआरएलएम के जिला अधिकारी विजय शरण प्रसाद ने बताया कि उक्त चयन प्रक्रिया में शासन स्तर पर केवल महिला अभ्यर्थियों के चयन का नोटिफिकेशन जारी हुआ है हालांकि बगीचा विकासखंड के कुछ दुर्गम क्षेत्रों में पुरुष अभ्यर्थियों की नियुक्ति के लिए शासन स्तर पर अनुशंसा चाही गई है जो लंबित है।चयन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरती जा रही है।बगीचा में चयन प्रक्रिया में रिश्वत जैसे गंभीर आरोप लगे हैं जिसकी जांच कराते हुए उचित कार्यवाही की जाएगी।




0 Comments