जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 9 फरवरी 2026
नारायणपुर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जब सब्जी बनाने की मामूली बात पर हुए झगड़े के बाद एक युवक ने अपनी छह माह की गर्भवती पत्नी की डंडे से मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी अपनी दो वर्ष की बच्ची को साथ लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी जेठू विश्वकर्मा (45 वर्ष), निवासी बेलसुंगा, ने 6 फरवरी को थाना नारायणपुर में सूचना दी कि उसकी बेटी कमला विश्वकर्मा कुछ वर्ष पूर्व ढोढ़ीबहार निवासी स्वदेश उर्फ सुदेश राम कोरवा (27 वर्ष) के साथ रहने लगी थी। दोनों की एक दो साल की बेटी है और कमला छह माह की गर्भवती थी। हाल ही में दंपती ग्राम ढोठीपहरी, कुरूम ढोढा स्थित आरोपी के नाना के घर रह रहे थे।
बताया गया कि 6 फरवरी की शाम लगभग 7:30 बजे पति-पत्नी के बीच सब्जी बनाने की बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी ने आवेश में आकर पास पड़े लकड़ी के डंडे से पत्नी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी अपनी बच्ची को लेकर भाग निकला।
सूचना पर नारायणपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण फॉरेंसिक टीम से कराया गया तथा पंचनामा कार्यवाही की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट के कारण हत्यात्मक मृत्यु की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने आरोपी को उसके गृह ग्राम ढोढ़ीबहार, चौकी दोकड़ा, जिला जशपुर से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना नारायणपुर के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पत्नी की हत्या कर फरार आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की विवेचना जारी है।



0 Comments