जशपुर, टीम पत्रवार्ता,10 फरवरी 2026
जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुरकुंगा में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और जेसीबी से कुचलने के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कुरकुंगा निवासी राजकुमार (55 वर्ष) ने 5 फरवरी को थाना नारायणपुर पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 4 फरवरी की रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था। इसी दौरान आरोपी शंकर राम, सुरेश (पिता शंकर राम), लूनेश्वर यादव और उनके अन्य साथी जेसीबी मशीन लेकर पहुंचे और जबरन घर में घुस गए।
आरोप है कि आरोपियों ने राजकुमार को बाल पकड़कर खींचा और लोहे के सब्बल से पीठ व सीने पर वार किया। इसके बाद उसे घर से बाहर घसीटकर ले जाया गया, लात-घूंसों से मारपीट की गई और जमीन पर गिराने के बाद जेसीबी से कुचलने का प्रयास भी किया गया।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने घर के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की। प्रार्थी के बेटे पिताम्बर यादव को लाठी और लोहे की रॉड से पीटा गया। इस दौरान आरोपियों ने जेसीबी से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
मारपीट की आवाज सुनकर गांव के सरपंच, बीडीसी सदस्य और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी, जिससे उन्हें भी चोटें आईं।
मामले में पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 190, 191, 296, 116(2), 351(3), 109, 324 और 331 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
नारायणपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनमें
शंकर राम 65 वर्ष निवासी चराईमारा व लूनेश्वर यादव 24 वर्ष,निवासी बहला टोली, चिटकवाइन दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



0 Comments