जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 12 नवम्बर 2025
छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव ने आज ग्राम कंडोरा में आयोजित गोकुलाष्टमी पूजा महोत्सव 2025 में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होकर यादव समाज को आयोजन के 100 वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं दीं। मंत्री गजेन्द्र यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार सामुदायिक भवन निर्माण एवं सोलर लाइट लगाने की घोषणा की। साथ ही कार्यक्रम में आए कीर्तन मंडली को स्वेच्छानुदान राशि देने की भी घोषणा की।
कार्यक्रम की शुरुआत में मंत्री यादव ने गौमाता की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उनके हेलीपैड पर पहुंचने पर कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्वागत किया। समाज के पदाधिकारियों एवं संकीर्तन मंडली ने मांदर की थाप पर नृत्य करते हुए मंत्री का स्वागत किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पद्मश्री जगेश्वर राम यादव ने की। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रांतीय अध्यक्ष महाकुल यादव समाज परमेश्वर यादव, विधायक पत्थलगांव गोमती साय, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत समेत अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में मंत्री यादव ने कहा कि यादव समाज की परंपरा गौरवशाली रही है। समाज के उत्थान के लिए समन्वय, जागरूकता और शासन की योजनाओं का लाभ लेना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को कृषि, पशुपालन, स्वरोजगार एवं सरकारी योजनाओं जैसे पीएम आवास, आयुष्मान कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड आदि का लाभ लेने प्रेरित किया।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर में मेडिकल कॉलेज, फिजियोथैरेपी कॉलेज, ऑडिटोरियम, सत्य साईं हॉस्पिटल और मातृ-शिशु अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रारंभ हो रही हैं।
मंत्री यादव ने समाज के लोगों से अपने घरों में लड्डू गोपाल की प्रतिमा स्थापित कर भक्ति परंपरा को सशक्त बनाने की अपील भी की।
विधायक गोमती साय ने कहा कि गोकुलाष्टमी का पर्व सभी समाजों को एक सूत्र में बांधने वाला पर्व है, जो सौहार्द्र और संस्कृति को मजबूत बनाता है।
गोकुलाष्टमी महोत्सव का शताब्दी वर्ष
आयोजन समिति ने बताया कि यह पर्व आस्था, एकता और संस्कृति का संगम है। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और समाज सेवा से जुड़े आयोजन किए गए। प्रदेशभर से हजारों श्रद्धालुओं और समाजजनों ने भाग लिया।






0 Comments