जशपुर,टीम पत्रवार्ता,15 जुलाई 2021
BY योगेश थवाईत
टाँगरगांव में बीते दिनों पूर्व मंत्री गणेश राम भगत के नेतृत्व में हुए स्टील प्लांट के विरोध की शुरुआत में भरे मंच पर कांग्रेसियों द्वारा बीजेपी नेता के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगने की गूंज प्रदेश तक पंहुच गई है। मामले में अब सियासत गर्म हो गई है।संगठन प्रभारी कृष्ण कुमार रॉय में इस मामले को गंभीरता से लिया है और पत्रवार्ता से चर्चा में कहा कि जिले में भारतीय जनता पार्टी मजबूत स्थिति में है।यहां कांग्रेस के लोग बीजेपी नेता के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाएं और हम चुप रहें ऐसा कभी नहीं हो सकता।
उल्लेखनीय है कि 15 जुलाई को जशपुर जिला भाजपा कार्यालय में भाजपा के दिग्गजों नेताओं की एक आवश्यक बैठक आहूत की गई। जिसमें कांसाबेल के टाँगरगाँव में लगाए जा रहे प्लांट के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जिला भाजपा अध्यक्ष रोहित साय ने टाँगरगांव में लगाये जा रहे प्लांट के विस्तृत सर्वेक्षण के लिए सांसद गोमती साय के नेतृत्व में 9 सदस्यीय टीम का गठन किया।
पत्रवार्ता से चर्चा करते हुए संगठन प्रभारी कृष्ण कुमार रॉय ने बताया कि जिले में भाजपा एकजुट है।संगठन द्वारा टाँगरगांव स्टील प्लांट के सर्वेक्षण के लिए टीम का गठन किया गया है।जो गांव में जाकर लोगों से मिलकर इसके हर पक्ष को भलीभांति समझेगी और रिपोर्ट देगी।जिंसके आधार पर केंद्र सरकार तक मामले की रिपोर्ट भेजी जाएगी।आगामी 25 जुलाई को पुनः बैठक कर आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
बैठक में नवगठित टीम की जानकारी देते हुए जिला भाजपा के महामंत्री ओमप्रकाश सिन्हा ने बताया कि इस 9 सदस्यीय टीम में सांसद गोमती साय, प्रदेश भाजपा मंत्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष रायमुनि भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेश नंदे, यशप्रताप सिंहदेव,पूर्व विधायक शिवशंकर साय पैंकरा, जिला महामंत्री सुनील गुप्ता एवं डीडीसी सालिक साय होंगे।
बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु देव साय, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय,पूर्व संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह, पूर्व सांसद नंदकुमार साय, बिलासपुर संभाग के संगठन प्रभारी कृष्ण कुमार राय,पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव,सांसद गोमती साय,जिला पंचायत अध्यक्ष रायमुनि भगत, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेश नंदे, जिला भाजपा अध्यक्ष रोहित साय, जिला महामंत्री द्वय ओमप्रकाश सिन्हा एवं सुनील कुमार गुप्ता,यशप्रताप सिंह,जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव एवं वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी उपस्थित थे।हांलाकि पूर्व मंत्री गणेश राम भगत बैठक में उपस्थित नहीँ थे वे कल्याण आश्रम में दूसरे बैठक में व्यस्त थे। उक्त जानकारी जिला भाजपा के मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने दी।
0 Comments