जशपुरनगर, टीम पत्रवार्ता, 15 नवंबर 2026।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्राम पंचायत आरा में छत्तीसगढ़ के पहले नर्सिंग कौशल कॉलेज का शुभारंभ किया। प्रचेत फाउंडेशन के माध्यम से स्थापित इस संस्थान में 120 छात्राओं को दो वर्षीय एएनएम नर्सिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। खास बात यह है कि यहां प्रवेश लेने वाली करीब 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय एवं सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्सिंग सेवा महज रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता की सेवा और पुण्य का कार्य है। स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण में डॉक्टरों के साथ नर्सों की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्राओं से पूरी लगन और समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर भविष्य में सेवाभाव से मरीजों की देखभाल करने का आह्वान किया।
कॉलेज में आधुनिक लैब, छात्रावास और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद छात्राओं के लिए प्रतिष्ठित अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में रोजगार की व्यवस्था की जाएगी। इससे जशपुर सहित आसपास के क्षेत्रों की बेटियों को अपने क्षेत्र में ही व्यावसायिक शिक्षा और रोजगार का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुनकुरी मेडिकल कॉलेज के स्थायी भवन का निर्माण चरईडांड में किए जाने की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य के साथ स्वास्थ्य और कौशल विकास के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है।
कार्यक्रम में विधायक रायमुनी भगत, कलेक्टर रोहित व्यास, पैन आईआईटी एलुमनी के चेयरमैन प्रभात कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


0 Comments