जगदलपुर, टीम पत्रवार्ता,03 मई 2026
जगदलपुर केंद्रीय जेल में एक महिला बंदी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना ने जेल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दरभा थाना क्षेत्र के चितापुर निवासी जयमती बघेल ने रविवार तड़के महिला सेल के भीतर कथित तौर पर अपनी चुन्नी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतका लगभग दो माह पूर्व अपने ही चाचा की हत्या के आरोप में न्यायिक हिरासत के तहत केंद्रीय जेल में बंद थी। बताया जा रहा है कि उसका चाचा लंबे समय से उसके साथ छेड़छाड़ करता था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर उसने आवेश में आकर चाचा की हत्या कर दी थी, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया था।
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि हाई सिक्योरिटी मानी जाने वाली केंद्रीय जेल के भीतर एक महिला बंदी को आत्महत्या जैसा कदम उठाने का अवसर कैसे मिल गया। जेल के अंदर सुरक्षा निगरानी और बंदियों की मानसिक स्थिति पर नजर रखने की व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार जयमती बघेल पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थी। उसके तीन छोटे बच्चे हैं और बताया जा रहा है कि पति सहित परिवार के सदस्य उससे मिलने भी नहीं आ रहे थे। ऐसे में अकेलेपन और मानसिक दबाव के कारण उसने यह कदम उठाया हो सकता है। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
महेश्वर नाग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बस्तर ने बताया किघटना के संबंध में कोतवाली थाना में मर्ग कायम कर लिया गया है। चूंकि मौत केंद्रीय जेल परिसर के भीतर हुई है, इसलिए मामले की जांच अनुविभागीय अधिकारी द्वारा की जा रही है।


0 Comments