जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 03 मई 2026
छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जमीनी एक्शन देखने को मिला।जशपुर के सुदूर वनांचल में सीएम विष्णुदेव साय खुद गांव पहुंच योजनाओं की हकीकत जानी और लोगों से सीधा संवाद किया।इस संवाद में कई मानवीय व प्रेरणादायक तस्वीरें सामने आई।
सुशासन तिहार के तीसरे दिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जमीनी नब्ज टटोलने सीधे जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड के सुदूर वनांचल ग्राम चंदागढ़ पहुंचे।हेलिकॉप्टर उतरते ही गांव में उत्साह का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।सीएम गांव में सीधे लोगों के बीच बरगद की छांव में पहुंचे और योजनाओं के क्रियान्वयन की हकीकत जानी।
इसी दौरान वे ‘लखपति दीदी’ सुमिला कोरवा की किराना दुकान पर भी पहुंचे जहां सादगी भरे अंदाज में लौंग इलायची से उनका स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री ने दुकान से सामान खरीदा और खुद भुगतान कर सुमिला की मेहनत को सम्मान दिया। मुद्रा लोन से शुरू हुई यह दुकान आज आत्मनिर्भरता की मिसाल बन चुकी है जिससे प्रभावित होकर मुख्यमंत्री ने सुमिला को भविष्य में ‘करोड़पति दीदी’ बनने की शुभकामनाएं दीं।
वहीं ग्राम भैंसामुड़ा में मुख्यमंत्री का एक अलग ही अंदाज देखने को मिलाजहां वे बच्चों के साथ मैदान में उतरकर क्रिकेट खेलने लगे सीएम को अपने बीच पाकर बच्चों की खुशी दोगुनी हो गई मुख्यमंत्री ने बच्चों से संवाद कर खेल सुविधाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे घर का निरीक्षण किया और खुद ईंट जोड़कर श्रमदान करते नजर आए।
सीएम की इस पहल ने ग्रामीणों के दिलों को छू लिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, विशेष सचिव रजत कुमार बंसल, स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सुशासन तिहार के जरिए मुख्यमंत्री का यह दौरा न सिर्फ योजनाओं की समीक्षा है बल्कि जनता के साथ सीधे संवाद और भरोसे को मजबूत करने की पहल भी है।



0 Comments