अंबिकापुर, टीम पत्रवार्ता,5 मई 2026
सरगुजा जिले के अंबिकापुर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शासकीय राजमोहिनी कन्या महाविद्यालय के इतिहास विषय के सहायक प्राध्यापक डॉ. चंद्र किशोर कौशल को छात्रा से अश्लील चैटिंग और मानसिक प्रताड़ना के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पीड़िता ने कोतवाली थाना अंबिकापुर में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वर्ष 2025 से आरोपी प्राध्यापक उसे व्हाट्सएप पर लगातार अश्लील मैसेज और फोटो भेजता था। शुरुआत में शिष्टाचारवश जवाब देने के बाद जब आरोपी की हरकतें बढ़ीं, तो पीड़िता ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया और परिजनों व महाविद्यालय प्रबंधन को इसकी जानकारी दी।
शिकायत के बावजूद आरोपी ने पीड़िता को परेशान करना जारी रखा। इतना ही नहीं, आरोप है कि उसने पीड़िता की 1 मई 2026 को होने वाली शादी को भी वर पक्ष को गुमराह कर तुड़वा दिया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि 27 फरवरी 2026 को आरोपी ने अपने साथियों के साथ उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गया। लगातार मानसिक दबाव और सामाजिक अपमान के चलते पीड़िता ने अंततः पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 160/2026 के तहत BNS की विभिन्न धाराओं एवं आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के बाद से आरोपी फरार था।
4 मई 2026 को आरोपी ने अंबिकापुर न्यायालय में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद न्यायालय की अनुमति से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की जांच में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा सहित पुलिस टीम सक्रिय रही।


0 Comments