जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 3 मई 2026
सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का मानवीय और संवेदनशील रूप जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम भैंसामुड़ा में देखने को मिला। आकस्मिक दौरे के दौरान मुख्यमंत्री जब गांव से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे एक निर्माणाधीन घर पर पड़ी।
मुख्यमंत्री तुरंत वाहन से उतरकर मौके पर पहुंचे और हितग्राही श्रीमती अनुसुइया पैंकरा के आवास निर्माण कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने वहां कार्यरत श्रमिकों के प्रयासों की सराहना की और स्वयं करणी तथा सीमेंट गारा से ईंट जोड़कर श्रमदान किया। मुख्यमंत्री को इस तरह श्रम करते देख ग्रामीण भावुक हो उठे और पूरे गांव में उत्साह का माहौल बन गया।
हितग्राही अनुसुइया पैंकरा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से उनका वर्षों पुराना सपना अब साकार हो रहा है। पक्का घर मिलने से उनके परिवार का जीवन अधिक सुरक्षित और बेहतर बनेगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने चंदागढ़ के राजमिस्त्री सूक मोहन चक्रेश से भी बातचीत कर उनके रोजगार, मजदूरी और पारिवारिक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने श्रमिकों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने की सलाह भी दी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की यह पहल केवल एक निरीक्षण नहीं रही, बल्कि गरीबों के प्रति संवेदनशीलता और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण बन गई। इस प्रेरणादायक दृश्य ने ग्रामीणों के बीच शासन के प्रति विश्वास को और मजबूत किया।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती गोमती साय, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी लाल उमेद सिंह, डीएफओ शशि कुमार सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


0 Comments