जशपुर/पत्थलगांव, टीम पत्रवार्ता, 17 मई 2026
भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान” के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ रविवार को पत्थलगांव स्थित मैरिज गार्डन में भव्य रूप से हुआ। प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम दिवस में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया।
कार्यशाला में जिलेभर से भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठ के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। आयोजन स्थल पर पूरे दिन वैचारिक एवं संगठनात्मक सत्रों का दौर चलता रहा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रथम सत्र में “हमारा इतिहास-विकास” विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्रसेवा और अंत्योदय की भावना से कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ काम करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महापुरुषों ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए संगठन की मजबूत नींव रखी। आज उसी विचारधारा और कार्यकर्ताओं की मेहनत के कारण भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति परिवारवाद या तुष्टिकरण नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद, सुशासन और अंत्योदय के सिद्धांतों पर आधारित है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के “अंत्योदय” के विचार को आत्मसात करते हुए सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का कार्य कर रही है।
द्वितीय सत्र में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने “कार्यपद्धति” विषय पर मार्गदर्शन देते हुए संगठनात्मक अनुशासन एवं बूथ सशक्तिकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।
महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री श्रीमती फूलेश्वरी पैकरा ने “कार्यकर्ता विकास – गुण, आचरण और दायित्व बोध” विषय पर संबोधित करते हुए सेवा, समर्पण और अनुशासन के साथ संगठन कार्य करने की प्रेरणा दी।
वहीं संभागीय प्रभारी अवधेश चंदेल ने “विचार-परिवार” विषय पर भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा एवं संगठनात्मक मूल्यों पर प्रकाश डाला। पूर्व जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश सिन्हा ने व्यवहारिक सत्र में कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क और संगठन संचालन के महत्वपूर्ण सूत्र बताए।
प्रशिक्षण वर्ग के विभिन्न सत्रों की अध्यक्षता लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत एवं भाजपा जिला अध्यक्ष भरत सिंह ने की।
जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश एवं जिला स्तर के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे दिन चले सत्रों में संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति, सेवा कार्य, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन एवं कार्यकर्ता विकास पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।



0 Comments