जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 3 मई,2026
जशपुर जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नकबार जंगलटोली में एक शादी समारोह के दौरान मामूली बात ने हिंसक रूप ले लिया। चिकन और सब्जी परोसने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। महिलाओं के साथ भी मारपीट की घटना सामने आई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहन यादव के शिकायत अनुसार, वह शादी समारोह में चिकन-मटन परोस रहा था, तभी राजू यादव ने सब्जी कम देने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया। बात बढ़ने पर मोहन घर लौट गया। आरोप है कि रात करीब 11:30 बजे राजू यादव, विवेक यादव, शंकर यादव, टिकेश्वर और गणेश यादव उसके घर में घुस आए और हमला कर दिया। इस दौरान मोहन की पत्नी और उसकी बुजुर्ग मां जुडो बाई के साथ मारपीट की गई। हमले में बुजुर्ग महिला बेहोश हो गई, जिसे कांसाबेल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं राजू यादव ने शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि सब्जी कम देने की शिकायत करने पर मोहन के बेटे खिरोधर ने बदतमीजी की। राजू का कहना है कि रात करीब 10 बजे जब वह खाना लेने मोहन के घर गया, तो मोहन, दिलेश्वर और खिरोधर ने उस पर डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में राजू और उसके भतीजे विवेक को आंख के पास गंभीर चोटें आई हैं। साथ ही आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
कांसाबेल पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और घायलों का उपचार जारी है।


0 Comments