रायपुर, टीम पत्रवार्ता,17 मई 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि शासन-प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है। उन्होंने कहा कि “हम सभी जनता के सेवक हैं” और इसी भावना के साथ प्रशासन को कार्य करना चाहिए।
मुख्यमंत्री श्री साय रायगढ़ जिला कार्यालय के सृजन सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में रायगढ़, कोरबा और जांजगीर-चांपा जिलों की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार का सकारात्मक असर अब गांवों और शहरों तक दिखाई दे रहा है। शासन और प्रशासन सीधे जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं, जिससे लोगों का विश्वास मजबूत हुआ है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी और समयबद्ध ढंग से पहुंचे।
बैठक में मुख्यमंत्री ने राजस्व प्रकरणों की विशेष समीक्षा करते हुए लंबे समय से लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी छोटे-छोटे मामले सीधे आम नागरिकों के जीवन और आजीविका से जुड़े होते हैं, इसलिए इनके निराकरण में संवेदनशीलता जरूरी है। साथ ही राजस्व अभिलेखों में त्रुटि करने वाले कर्मचारियों और पटवारियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में जल्द ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सेवा शुरू की जाएगी, जिसके माध्यम से नागरिक सीधे फोन अथवा ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायतों के समयबद्ध समाधान की मॉनिटरिंग भी की जाएगी।
ग्रीष्मकालीन परिस्थितियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने पेयजल संकट से बचाव के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं बारिश के मौसम में संभावित बीमारियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को अग्रिम तैयारी रखने को कहा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने खरीफ सीजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डीएपी की सीमित उपलब्धता को देखते हुए उन्होंने एसएसपी, यूरिया, नैनो यूरिया और नैनो डीएपी जैसे वैकल्पिक उर्वरकों के उपयोग के प्रति किसानों को जागरूक करने पर जोर दिया।
महिला सशक्तिकरण के लिए मुख्यमंत्री ने अधिक संख्या में “ड्रोन दीदी” तैयार करने और महिलाओं को तकनीकी प्रशिक्षण व वित्तीय सहायता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे कृषि में आधुनिक तकनीक का विस्तार होगा और महिलाओं की आय में वृद्धि होगी।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और आयुष्मान भारत योजना की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिलना चाहिए।
इस दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी, सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, विधायक लालजीत सिंह राठिया सहित जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




0 Comments