जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 08 मई 2026।
विकासखंड दुलदुला के ग्राम पंचायत सिमड़ा में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में कलेक्टर रोहित व्यास शामिल हुए। शिविर में सिमड़ा सहित आसपास के 15 गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे और विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से प्रशासन को अवगत कराया।
शिविर में कुल 940 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 912 मांग एवं 28 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे। मौके पर ही 53 मांग संबंधी आवेदनों का निराकरण किया गया, जबकि अन्य आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
कलेक्टर श्री व्यास ने कहा कि सुशासन की स्थापना सरकार का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील, जवाबदेह एवं पारदर्शी प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए गांव-गांव में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक ग्रामीण को शासन की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाए और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रेरित किया जाए। कलेक्टर ने ग्रामीणों से सुशासन तिहार शिविरों का अधिकतम लाभ लेने की अपील भी की।
शिविर में आयुष्मान कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई। महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि पात्र महिलाओं को डीबीटी के माध्यम से 6 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है।
इस दौरान कृषि, राजस्व, क्रेडा, स्वास्थ्य, विद्युत एवं उद्यानिकी विभाग की योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। साथ ही पुल-पुलिया निर्माण, नल-जल योजना, प्राकृतिक आपदा से हुई जन-धन हानि संबंधी समस्याओं पर भी आवेदन लिए गए।
हितग्राहियों को सामग्री एवं प्रमाण पत्र वितरित
जनसमस्या निवारण शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। शिविर में हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड, ट्रायसिकल, डिजिटल किसान किताब, श्रवण यंत्र, सिंचाई पंप, जाल, आइस बॉक्स एवं पेंशन स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इसके अलावा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में एसडीएम कुनकुरी नंदजी पांडे, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




0 Comments