जशपुरनगर, टीम पत्रवार्ता, 22 मई 2026।
पमशाला-सरईटोला मार्ग निर्माण कार्य में देरी और लापरवाही के मामले में लोक निर्माण विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने पहले चयनित ठेकेदार की 5 लाख रुपए की अमानत राशि राजसात कर दी है। अब यह सड़क निर्माण कार्य नए ठेकेदार को 13.97 प्रतिशत कम दर पर दिया गया है।
लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि पमशाला से सरईटोला पहुंच मार्ग पीएमजीएसवाई भाग-2 अंतर्गत वर्ष 2017-18 में स्वीकृत हुआ था, जिसका निर्माण 13 अगस्त 2019 को पूरा किया गया था। पांच वर्ष की संधारण अवधि समाप्त होने के बाद 6 जनवरी 2025 को यह मार्ग लोक निर्माण विभाग पत्थलगांव को हस्तांतरित किया गया।
जनप्रतिनिधियों की मांग पर वर्ष 2024-25 के प्रथम अनुपूरक बजट में 11.50 किलोमीटर सड़क एवं पुल-पुलिया पुनर्निर्माण के लिए 23.96 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति 8 सितंबर 2025 को जारी की गई। इसके बाद 24 सितंबर 2025 को 23.22 करोड़ रुपए की तकनीकी स्वीकृति दी गई और निविदा प्रक्रिया शुरू हुई।
निविदा में मेसर्स केपकॉन प्रोजेक्ट लिमिटेड, जशपुर को 20.11 प्रतिशत कम दर पर कार्य मिला था तथा 1 जनवरी 2026 को स्वीकृति पत्र जारी किया गया। लेकिन निर्धारित समय में अनुबंध नहीं करने और आवश्यक राशि जमा नहीं करने पर विभाग ने कंपनी की 5 लाख रुपए की अमानत राशि जब्त कर ली।
इसके बाद दोबारा निविदा आमंत्रित की गई, जिसे 18 मार्च 2026 को खोला गया। नई निविदा में मेसर्स अभय कंस्ट्रक्शन को 13.97 प्रतिशत कम दर पर कार्य स्वीकृत किया गया है। विभाग ने 18 मई 2026 को अनुबंध स्वीकृति पत्र जारी कर दिया है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
विभाग के अनुसार पुनर्निर्माण के दौरान पुरानी डामर सड़क उखाड़ी जाएगी तथा गड्ढों को मुरुम और जीएसबी सामग्री से भरकर आवागमन सुचारु रखा जाएगा। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क की स्थिति पीडब्ल्यूडी को हस्तांतरण से पहले ही खराब हो चुकी थी।


0 Comments