जशपुर, टीम पत्रवार्ता,09 अप्रैल 2026
जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत पाठ क्षेत्र के कद्दावर नेता एवं समाजसेवी टंकेश्वर (सल्लू) राजवाड़े का ब्रेन हेमरेज के कारण निधन हो गया। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।स्वर्गीय सल्लू राजवाड़े अपने सरल एवं सौम्य व्यक्तित्व के साथ-साथ दबंग राजनीतिक कार्यशैली के लिए जाने जाते थे। छात्र जीवन से राजनीति की शुरुआत करते हुए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के साथ संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई और कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे।
वे अखिल भारतीय जनजातीय सुरक्षा मंच के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में आदिवासी हितों के लिए निरंतर कार्यरत थे। ग्राम पंचायत सुलेशा से वे कई बार पंच एवं उपसरपंच भी चुने गए थे। खुड़िया क्षेत्र में उनकी सक्रियता के चलते उन्हें “टाईगर” के नाम से भी जाना जाता था।अपनी कार्यशैली से वे हर राजनीति को पलटने की क्षमता रखते थे।
वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे और रायपुर में उपचार के दौरान 08 अप्रैल 2026 को उनका निधन हो गया। उनके असामयिक निधन को अपूर्णीय क्षति माना जा रहा है। भाजपा सहित विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।
आज दिनांक 09 अप्रैल 2026 को सुबह 11 बजे उनकी अंतिम यात्रा बगीचा रौनी रोड स्थित उनके गृह निवास से निकलेगी, जो बगीचा स्थित मुक्तिधाम पहुंचेगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति दे। ॐ शांति ॐ


0 Comments