जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 26 अप्रैल 2026
जिला जशपुर के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम नेगीटोली में एक संभावित बाल विवाह को समय रहते रोक लिया गया। दिनांक 25 अप्रैल 2026 को चाइल्डलाइन 1098 में बाल विवाह की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन, आईसीपीएस, पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जीवन झरना की संयुक्त टीम सक्रिय हो गई।
टीम शादी के एक दिन पूर्व ही मौके पर पहुंची और परिजनों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के प्रावधानों की जानकारी दी। अधिकारियों द्वारा समझाइश देने पर परिजन सहमत हुए और बाल विवाह को रोक दिया गया।
इस दौरान उपस्थित टीम ने परिवारजनों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से बताया तथा सभी से बाल विवाह न करने की शपथ भी दिलाई। साथ ही शासन की योजनाओं जैसे स्पॉन्सरशिप योजना एवं मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह योजना की जानकारी भी दी गई, ताकि बालिकाओं के हित में वैधानिक एवं सुरक्षित विकल्प अपनाए जा सकें।
प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से एक नाबालिग बालिका का भविष्य सुरक्षित हो सका और क्षेत्र में जागरूकता का सकारात्मक संदेश भी गया।



0 Comments