जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 24 अप्रैल 2026
नगर पंचायत बगीचा के वार्ड क्रमांक 07 स्थित मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से लगाए गए होर्डिंग्स पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। बीती रात अज्ञात व्यक्तियों द्वारा लगाए गए इन बोर्डों को शुक्रवार को नगर पंचायत की टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार करते हुए जब्त कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 07 के मुख्य मार्ग पर सुबह अचानक बिजली ट्रांसफार्मर के पास होर्डिंग बोर्ड दिखा।वार्ड के लोगों ने बताया कि उक्त स्थल दुर्घटनाजन्य क्षेत्र होने के साथ होर्डिंग्स के लिए उपयुक्त नहीं है।बताया जा रहा है कि इन्हें देर रात चोरी-छिपे लगाया गया था। बिना अनुमति सार्वजनिक स्थल पर लगाए गए इन विज्ञापन बोर्डों की शिकायत मिलते ही नगर पंचायत प्रशासन हरकत में आया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी क्षितिज सिंह एवं उप अभियंता मुकेश दुबे के निर्देश पर टीम ने मौके का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि बोर्ड लगाने के लिए उक्त स्थल पर न तो कोई अनुमति ली गई थी और न ही किसी प्रकार का शुल्क जमा किया गया था। इसके बाद टीम ने स्थानीय गवाहों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर होर्डिंग्स को हटाते हुए जब्त कर लिया।
सीएमओ क्षितिज कुमार सिंह ने बताया कि नगरीय क्षेत्र में बिना अनुमति होर्डिंग लगाना गैरकानूनी है। मुख्य मार्गों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में ऐसे बोर्ड की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में बिना अनुमति होर्डिंग या बैनर लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में उप अभियंता मुकेश दुबे, राजस्व निरीक्षक देवेंद्र सिंह,मोहित यादव सहित नगर पंचायत का अमला उपस्थित रहा।



0 Comments