जशपुर, टीम पत्रवार्ता 20 अप्रैल 2026
जशपुर जिले के नारायणपुर क्षेत्र के पहाड़ों में कथित प्लेन क्रैश की खबर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे क्षेत्र के ग्रामीणों ने एक विमान को कम ऊंचाई पर उड़ते हुए पहाड़ों की ओर जाते देखा, जो कुछ देर बाद ओझल हो गया। इसके बाद पहाड़ों के बीच से धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया, जिससे प्लेन क्रैश की आशंका जताई जाने लगी।
सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह सहित वन विभाग और पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सघन सर्चिंग अभियान शुरू किया गया। हालांकि देर शाम तक पहाड़ों और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक खोजबीन के बावजूद किसी भी प्रकार के विमान हादसे या मलबे के प्रमाण नहीं मिले हैं।
बताया जा रहा है कि जिस पहाड़ी क्षेत्र में घटना की आशंका जताई जा रही थी, वह नारायणपुर के बरडांड गांव से करीब 2 किलोमीटर दूर ऊंचाई पर स्थित अत्यंत दुर्गम इलाका है। इसके बावजूद प्रशासन की टीम लगातार जंगलों और पहाड़ी इलाकों में पहुंचकर सर्चिंग में जुटी हुई है। घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और प्रशासन के साथ मिलकर खोजबीन में सहयोग करते रहे।
प्रशासन ने एहतियातन रेस्क्यू के लिए पुलिस और मेडिकल टीम को भी तैनात कर दिया है।
कलेक्टर रोहित व्यास ने बताया कि सूचना मिलते ही पूरी टीम को सर्चिंग में लगाया गया है। साथ ही उड़ीसा, झारखंड और छत्तीसगढ़ के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया गया है, जहां अब तक किसी भी विमान के संपर्क टूटने की जानकारी सामने नहीं आई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एहतियातन पूरी रात सर्चिंग अभियान जारी रहेगा और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।


0 Comments