सरगुजा ,टीम पत्रवार्ता 26 अप्रैल 2026
जिला सरगुजा के गांधीनगर थाना क्षेत्र में आत्महत्या के दुष्प्रेरण के एक गंभीर मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले में सख्त वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
मामले की जांच के दौरान सामने आया कि मृतिका सहोद्री सिंह, निवासी धनगवां, थाना गांधीनगर, का आरोपी गुलाम रसूल (22 वर्ष), निवासी रूदीडीह, थाना नवाजयपुर, जिला पलामू (झारखंड) से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच नियमित रूप से फोन पर बातचीत होती थी।
घटना दिनांक 19 सितंबर 2025 की है, जब आरोपी ने मृतिका को कई बार फोन किया। बातचीत के दौरान आरोपी ने मृतिका के चरित्र पर शंका करते हुए उसे अपमानजनक शब्द कहे और गाली-गलौज की। इस घटना से आहत होकर युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मर्ग जांच, परिजनों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 211/26 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान आरोपी का पता लगाकर उसे तलब किया गया, जहां पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी, सहायक उप निरीक्षक धनंजय पाठक सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि गंभीर अपराधों में लगातार सख्ती से कार्रवाई की जा रही है और अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।


0 Comments