रायपुर, टीम पत्रवार्ता,11 अप्रैल 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा श्रमिकों और उद्योगों के समन्वित विकास को प्राथमिकता देने की नीति अब धरातल पर प्रभावी परिणाम देती नजर आ रही है। श्रम विभाग की योजनाओं में यह स्पष्ट दिखाई देता है कि श्रमिकों को केवल आर्थिक इकाई नहीं, बल्कि समाज की आधारशिला के रूप में देखा जा रहा है।
उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के जन्मदिन के अवसर पर यह कहना उचित होगा कि उनके नेतृत्व में राज्य ने प्रगति, समृद्धि और समान अवसरों की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
श्रमिकों के जीवन में बदलाव की नई इबारत
छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष में राज्य की विकास यात्रा केवल योजनाओं तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह समावेशी सोच का सशक्त उदाहरण बनकर उभरी है। मंत्री देवांगन के नेतृत्व में श्रमिकों के सशक्तिकरण की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
श्रमिकों के बच्चों को उत्कृष्ट विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराना एक ऐतिहासिक पहल है, जिससे नई पीढ़ी को बेहतर भविष्य की दिशा मिल रही है। वहीं मेधावी विद्यार्थियों को लाखों रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर प्रतिभा को सम्मानित किया जा रहा है। यह पहल श्रमिक समाज में आत्मविश्वास और आशा का संचार कर रही है।
आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा
पिछले दो वर्षों में सैकड़ों करोड़ रुपये सीधे श्रमिकों के खातों में स्थानांतरित किए गए हैं, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और योजनाओं का वास्तविक लाभ सुनिश्चित हुआ है।
श्रमिकों के लिए आवास सहायता, दुर्घटना में त्वरित आर्थिक सहयोग और ‘शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना’ जैसी योजनाएं उनके जीवन को सुरक्षित और सम्मानजनक बना रही हैं। इस योजना के तहत मात्र 5 रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाना राज्य की संवेदनशील शासन व्यवस्था का उदाहरण है।
औद्योगिक विकास को मिली नई गति
औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के तहत राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं। करोड़ों रुपये के निवेश प्रस्ताव, सैकड़ों नए उद्योगों की स्थापना और हजारों युवाओं को रोजगार मिलना इस नीति की सफलता को दर्शाता है।
नवा रायपुर में देश का पहला एआई डाटा सेंटर स्थापित करने की पहल, सेमीकंडक्टर और आईटी क्षेत्र में निवेश, तथा स्टार्टअप नीति का प्रभावी क्रियान्वयन छत्तीसगढ़ को तकनीकी रूप से सशक्त राज्य बनाने की दिशा में अग्रसर कर रहा है।
पारदर्शिता और निवेशकों का बढ़ता विश्वास
ई-निविदा प्रणाली और सिंगल विंडो सिस्टम जैसे प्रशासनिक सुधारों ने निवेश प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया है। इससे निवेशकों का विश्वास मजबूत हुआ है और छत्तीसगढ़ एक आकर्षक निवेश गंतव्य के रूप में उभर रहा है।
समावेशी विकास की मजबूत नींव
राज्य सरकार ने सामाजिक समावेशन को विकास की धुरी बनाया है। महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन, कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल और दूरस्थ क्षेत्रों में औद्योगिक विकास जैसी पहलें यह सुनिश्चित कर रही हैं कि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे।
दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम
मंत्री लखनलाल देवांगन ने अपने संवेदनशील और दूरदर्शी नेतृत्व से यह साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति और स्पष्ट दृष्टिकोण से विकास को जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में यह विकास यात्रा और अधिक सशक्त रूप ले रही है।



0 Comments