जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 01 अप्रैल 2026
जशपुर जिले में अवैध धान परिवहन से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। झारखंड के गुमला निवासी ट्रक मालिक सुधीर कुमार मांझी ने पुलिस अधीक्षक जशपुर को आवेदन देकर ग्राम पण्डरापाठ बगीचा निवासी मिथलेश साहु पर जप्त ट्रक को रिलीज कर धान समेत गायब करने का आरोप लगाया है।
आवेदन के अनुसार, प्रार्थी सुधीर कुमार मांझी ने बताया कि मिथलेश साहु से उनकी पहले से पहचान थी और वह पूर्व में भी उनका ट्रक किराये पर ले चुका था। इसी विश्वास के चलते उन्होंने दिनांक 02 नवंबर 2025 को अपना ट्रक क्रमांक CG14MG8063 एक माह के लिए 1,20,000 रुपये में मिथलेश साहु को किराये पर दे दिया।
प्रार्थी के मुताबिक, उक्त ट्रक से मिथलेश साहु द्वारा अवैध धान परिवहन किया जा रहा था। इसी दौरान 05 नवंबर 2025 को फूड विभाग एवं जशपुर पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए ट्रक को जप्त कर लिया गया और जशपुर थाना परिसर में खड़ा कर दिया गया। ट्रक करीब चार माह तक थाना परिसर में खड़ा रहा।
आरोप है कि दिनांक 10 मार्च 2026 को मिथलेश साहु ने फूड विभाग से ट्रक को रिलीज करवा लिया और बिना ट्रक मालिक को कोई सूचना दिए धान सहित ट्रक को अपने कब्जे में लेकर चला गया। बाद में जब प्रार्थी को अन्य लोगों से इसकी जानकारी मिली, तब उन्होंने मिथलेश साहु से संपर्क किया।
प्रार्थी का कहना है कि संपर्क करने पर मिथलेश साहु ने धान खाली करवाकर ट्रक वापस करने और चार माह का किराया देने का आश्वासन दिया, लेकिन आज दिनांक 01 अप्रैल 2026 तक न तो ट्रक वापस किया गया है और न ही किराया दिया गया है। बार-बार पूछने पर भी आरोपी द्वारा सही जानकारी नहीं दी जा रही है और लगातार टालमटोल किया जा रहा है।
प्रार्थी ने आशंका जताई है कि उसके ट्रक का दुरुपयोग किया जा सकता है। मामले को गंभीर बताते हुए उसने पुलिस अधीक्षक से मिथलेश साहु के विरुद्ध उचित वैधानिक कार्रवाई करते हुए ट्रक वापस दिलाने एवं बकाया किराया दिलाने की मांग की है। फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।


0 Comments