रायपुर, टीम पत्रवार्ता, 24 अप्रैल 2026
नवा रायपुर स्थित संवाद कार्यालय में आयोजित बैठक में जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल ने जनसंपर्क अधिकारियों को बदलते दौर के अनुरूप न्यू एज मीडिया में दक्ष बनने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि तकनीक और संचार के आधुनिक माध्यमों को अपनाना प्रभावी जनसंपर्क की सबसे बड़ी कुंजी है।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जनसंपर्क का कार्य अत्यंत जिम्मेदारीपूर्ण है और इसे पूरी गंभीरता से निभाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अधिकारी शासन और जनता के बीच सेतु का कार्य करते हैं, इसलिए उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि हर अधिकारी के कार्य का मूल्यांकन परिणाम के आधार पर किया जाएगा।
बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी अधिकारी मंत्रियों, विभागीय सचिवों और जिला कलेक्टरों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखें, ताकि सूचनाओं का त्वरित और प्रभावी आदान-प्रदान हो सके।
आयुक्त ने 1 मई से शुरू होने वाले सुशासन तिहार के प्रचार-प्रसार की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया का अधिकतम उपयोग किया जाए। उन्होंने हितग्राहियों के वास्तविक अनुभवों को वीडियो और समाचारों के माध्यम से साझा करने पर भी विशेष जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक लोग योजनाओं से जुड़ सकें।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म के साथ सतत संपर्क बनाए रखा जाए, जिससे सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का प्रभावी प्रचार सुनिश्चित हो सके। बैठक में यह भी सामने आया कि प्रचार-प्रसार कार्य में लापरवाही बरतने पर तीन जिला जनसंपर्क अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में अपर संचालक उमेश मिश्रा, संजीव तिवारी, आलोक देव और श्रीमती हर्षा पौराणिक सहित संचालनालय और जिलों के जनसंपर्क अधिकारी उपस्थित रहे।


0 Comments