जशपुर, टीम पत्रवार्ता 15 अप्रैल 2026
समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं जिले के हजारों जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। वृद्धजन, विधवा, दिव्यांगजन और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए संचालित इन योजनाओं से जिले में कुल 82 हजार 583 हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं।
उप संचालक समाज कल्याण विभाग ने बताया कि विभाग की योजनाएं न केवल आर्थिक सहायता प्रदान कर रही हैं, बल्कि सामाजिक सम्मान, आत्मनिर्भरता और जीवन की गुणवत्ता को भी बेहतर बना रही हैं। इससे जिले में सामाजिक सुरक्षा का मजबूत आधार तैयार हो रहा है और प्रत्येक वर्ग को सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिल रहा है।
जिले में विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिल रहा है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना से 16,509, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना से 4,356, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना से 656, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से 14,294, सुखद सहारा पेंशन योजना से 4,407 तथा मुख्यमंत्री पेंशन योजना से सर्वाधिक 40,244 हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं। इसके अलावा परिवार सहायता योजना के तहत 102 परिवारों को आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया है।
दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए भी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। दिव्यांगजन छात्रवृत्ति योजना के तहत 180 विद्यार्थियों को सहायता दी गई है, वहीं कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण प्रदाय योजना के अंतर्गत 290 हितग्राहियों को उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। दिव्यांगजन सामर्थ्य विकास योजना से 550 हितग्राही लाभान्वित हुए हैं।
सामाजिक पुनर्वास के क्षेत्र में भी विभाग द्वारा सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र के माध्यम से अब तक 157 लोगों को नशामुक्त कर मुख्यधारा से जोड़ा गया है। जशपुर नगर स्थित जनक वृद्धाश्रम में 12 बुजुर्गों को आश्रय और देखभाल मिल रही है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 782 वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक स्थलों की यात्रा कराई गई है।
इस प्रकार समाज कल्याण विभाग की योजनाएं जशपुर जिले में सामाजिक सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और समावेशी विकास को मजबूती प्रदान कर रही हैं।




0 Comments