रायपुर, टीम पत्रवार्ता, 18 अप्रैल 2026
संजू देवी को कबड्डी विश्वकप और एशियन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के लिए राज्य शासन द्वारा 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। यह छत्तीसगढ़ में किसी खिलाड़ी को दी गई अब तक की सबसे बड़ी प्रोत्साहन राशि है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में संजू देवी को चेक सौंपा। इस अवसर पर बिलासपुर के चिंगराजपारा कबड्डी क्लब को कबड्डी मैट भी प्रदान किया गया।
विश्व स्तर पर चमकी संजू
संजू देवी को नवंबर 2025 में कबड्डी विश्वकप 2025 में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) चुना गया था। फाइनल मुकाबले में भारत के 35 अंकों में से 16 अंक अकेले संजू ने दिलाए। सेमीफाइनल सहित पूरे टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन निर्णायक रहा।
इसके साथ ही उन्होंने एशियन कबड्डी चैंपियनशिप 2025 में भी भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।
छोटे गांव से अंतरराष्ट्रीय मंच तक
कोरबा जिले के छोटे से गांव केराकछार की रहने वाली 23 वर्षीय संजू देवी श्रमिक परिवार से आती हैं। उन्होंने बिलासपुर की बहतराई आवासीय बालिका कबड्डी अकादमी में प्रशिक्षण लेकर अपने खेल को निखारा और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचीं। वे छत्तीसगढ़ की पहली महिला कबड्डी खिलाड़ी हैं जिन्होंने देश का प्रतिनिधित्व किया।
क्या बोले उप मुख्यमंत्री
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में राज्य में खेल और खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। संजू देवी ने अपने उत्कृष्ट खेल से देश को दो अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण दिलाकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों विशेषकर बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और इसी कड़ी में संजू को 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई है।
प्रेरणा बनी संजू की कहानी
गरीबी और अभावों के बीच कड़ी मेहनत, अनुशासन और मानसिक मजबूती के दम पर संजू देवी ने यह मुकाम हासिल किया है। उनका सफर गांव से लेकर विश्व मंच तक पहुंचने वाले युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।


0 Comments