जशपुर, टीम पत्रवार्ता,22 अप्रैल 2026
जशपुर जिले के कुनकुरी निवासी युवक के साथ झारखंड के घाघरा थाना क्षेत्र में लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। आरोपियों ने अर्टिगा वाहन बुक कर युवक को झांसे में लेकर झारखंड ले गए, जहां कट्टे की नोक पर वाहन, मोबाइल और नकदी लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में 4 अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुनकुरी निवासी रविराम पिता रूपसाय राम सोमवार की शाम होलीक्रॉस हॉस्पिटल के सामने ऑटो स्टैंड में अपनी अर्टिगा गाड़ी के साथ खड़ा था। इसी दौरान एक व्यक्ति तीन अन्य साथियों के साथ आया और अपनी पत्नी को ढूंढने झारखंड के वीरू रामरेखा जाने के नाम पर वाहन बुक किया।
रविराम आरोपियों को लेकर रामरेखा पहुंचा, जहां आरोपियों ने उसे आगे घाघरा चलने के लिए कहा। जैसे ही वाहन नवाटोली बेलगड़ा के पास पहुंचा,चारों आरोपियों ने कट्टे की नोक पर चालक को धमकाकर मारपीट कर उससे अर्टिगा कार, मोबाइल और नकदी लूट ली।
घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। लूटी गई संपत्ति की कीमत लगभग 10 लाख रुपए बताई जा रही है।
घाघरा थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर पातासाजी की जा रही है।
कुनकुरी टैक्सी स्टैंड से बुक की गई नई कार लूट की इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय होकर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


0 Comments