जशपुर, टीम पत्रवार्ता,15 अप्रैल 2026
जशपुर विधानसभा क्षेत्र के डूमरटोली में सन्ना मार्ग स्थित मरगा नाला पर 452.98 लाख रुपए की लागत से बनने वाली उच्च स्तरीय पुलिया निर्माण कार्य का भूमि पूजन भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं विधायक रायमुनी भगत ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
विधायक रायमुनी भगत ने अपने संबोधन में कहा कि यह पुलिया क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि बरसात के दिनों में मरगा नाला पार करने में ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब इस पुलिया के निर्माण से आवागमन सुगम और सुरक्षित होगा। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देना उनकी पहली जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता कृष्ण कुमार राय, जिला पंचायत सदस्य शांति भगत, एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष श्यामलाल भगत, पूर्व जनपद अध्यक्ष गोविंद राम भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, रुपेश सोनी, शरद चौरसिया, विकास सोनी, सोनक्यारी मंडल अध्यक्ष प्रभाकर, डूमरटोली सरपंच, बूमतेल सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने पुलिया निर्माण कार्य को क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया।


0 Comments