जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 15 अप्रैल 2026
विष्णु देव साय का 17 अप्रैल को जशपुर प्रवास संभावित है। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री रणजीता स्टेडियम में आयोजित प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान राज्य में स्वीकृत नई सड़कों का भूमिपूजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के साथ ही जशपुर में बुजुर्गों के लिए विकसित किए गए सियान गुड़ी (डे-केयर सेंटर) का लोकार्पण भी प्रस्तावित है। इस केंद्र में बुजुर्गों के लिए योग, मनोरंजन, पुस्तकालय और कौशल विकास जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने तेजी दिखानी शुरू कर दी है। कलेक्टर रोहित व्यास एवं एसएसपी लाल उमेद सिंह ने रणजीता स्टेडियम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बैठक व्यवस्था, यातायात, पंडाल निर्माण, पेयजल, शौचालय, लाइटिंग, साउंड सिस्टम, मंच सज्जा और सुरक्षा व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को समयसीमा में तैयारियां पूर्ण करने और बेहतर समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात अधिकारियों ने भागलपुर रोड स्थित रणजीता स्टेडियम के पीछे विकसित सियान गुड़ी का भी निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ, सहायक कलेक्टर, अपर कलेक्टर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जशपुर में होने वाला यह कार्यक्रम प्रदेश में ग्रामीण विकास और सामाजिक कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



0 Comments