जशपुर,टीम पत्रवार्ता,29 अप्रैल 2026
विशेष संरक्षित जनजाति समुदाय के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर दस साल बाद सर्वे का काम शुरु हुआ है।इसमें पहाड़ी कोरवा बिरहोर जिनका नाम सर्वे सूची से बाहर है वे अपना नाम जुड़वा सकते हैं।
जशपुर, जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति समूह (PVTGs) के हाउसहोल्ड सर्वे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर सर्वे कार्य शुरू कर दिया है।आदिम जाति विकास विभाग के निर्देशानुसार मोबाइल एप के माध्यम से सर्वे कराया जा रहा है, जिसके तहत पीवीटीजी एंटाइटलमेंट कार्ड के लिए आवश्यक डाटा संकलित किया जा रहा है।
जारी निर्देशों में कहा गया है कि सर्वे कार्य को अप्रैल 2026 तक निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाएगा। इसके लिए जिला, ब्लॉक और ग्राम स्तर पर समितियों का गठन कर सर्वे दलों को सक्रिय किया गया है।
ग्राम स्तर पर पंचायत सचिव, छात्रावास अधीक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, पटवारी और बीट गार्ड जैसे कर्मचारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
प्रशासन द्वारा सभी एजेंसियों और टीमों का चिन्हांकन कर उन्हें प्रशिक्षण दिया गया है। साथ ही लॉजिस्टिक्स, आईटी सपोर्ट और डेटा एंट्री से जुड़े आवश्यक इंतजाम भी सुनिश्चित किए गए हैं, ताकि सर्वे कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके।
कलेक्टर द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर सर्वे कार्य को समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करें।
प्रशासन का कहना है कि यह सर्वे पीवीटीजी परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उनके अधिकारों को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।सभी सर्वे एजेंसियों को सर्वे टीम को इसके लिए प्रशिक्षित करते हुए जिले के विकासखंडों में जिला प्रशासन द्वारा सर्वे कार्य शुरू करा दिया गया है।


0 Comments