सूरजपुर, टीम पत्रवार्ता, 29 मार्च 2026
प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को सूरजपुर दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने साहू समाज द्वारा आयोजित माता कर्मा जयंती समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने समाज का आभार जताते हुए कहा कि माता कर्मा का आशीर्वाद सदैव छत्तीसगढ़ पर बना रहे और प्रदेश में खुशहाली आए। उन्होंने साहू समाज की एकता, संगठन और सामाजिक योगदान की सराहना की।
मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के मुद्दे पर कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह के दृढ़ निश्चय का परिणाम है कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद अब समाप्ति की कगार पर है। उन्होंने कहा कि बस्तर जैसे क्षेत्र, जो पिछले चार दशकों से विकास से वंचित थे, वहां अब विकास की किरणें पहुंच रही हैं और हालात तेजी से बदल रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय हालातों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने ईरान-इजराइल तनाव और अमेरिका से जुड़े घटनाक्रम के बीच प्रदेशवासियों को आश्वस्त किया कि देश और प्रदेश में पेट्रोलियम पदार्थों और घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और आम नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर सेंट्रल एक्साइज ड्यूटी में ₹10 की कटौती के फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से आम उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही उन्होंने प्रदेश में ईंधन की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन को सख्त निर्देश देने की बात भी दोहराई।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।



0 Comments