जशपुर,टीम पत्रवार्ता,15 मार्च 2026
धर्मनगरी बगीचा में रविवार को परम पूज्य आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्यों का ससंघ आगमन हुआ। मुनि संघ में मुनि श्री 108 प्रमाण सागर जी महाराज, मुनि श्री 108 संधान सागर जी महाराज तथा क्षुल्लक श्री 105 समादर सागर जी महाराज शामिल हैं।मुनि संघ के नगर आगमन पर तहसील चौक बगीचा में सकल दिगंबर जैन समाज सहित बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने मुनि संघ का गर्मजोशी से स्वागत किया और जयकारों के साथ वातावरण धर्ममय हो उठा।
तहसील चौक से गाजे-बाजे और भक्ति भाव के साथ श्रद्धालुओं ने मुनि संघ के साथ नगर में प्रवेश किया। पूरे नगर में भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने मुनि संघ के दर्शन कर चरण पखारकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुनि संघ के आगमन से बगीचा नगर का वातावरण पूरी तरह धार्मिक और आध्यात्मिक भावनाओं से ओतप्रोत हो गया। सकल दिगंबर जैन समाज ने इसे नगर के लिए अत्यंत सौभाग्य का अवसर बताया।
आचार्य प्रमाण सागर जी महाराज ने बगीचा स्थित जैन मंदिर पहुंचकर भगवान महावीर के दर्शन किए।यहां प्रवचन हॉल में बड़ी संख्या में जैन धर्मावलंबी समेत स्थानीय नागरिक व श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मुनिश्री ने सर्वसमाज को संबोधित करते हुए कहा कि बगीचा के लोगों की भावना मुझे यहां तक लेकर आई है।संतों का आगमन आपके जीवन में इसलिए होता है कि आप उनके जीवन से प्रेरणा लेकर बेहतर जीवन जी सकें।उन्होंने कहा कि आपको जो अच्छा नहीं लगता ऐसा व्यवहार आप दूसरों के साथ भी न करें।मुनिश्री ने सरल शब्दों में सभी को संबोधित किया और कहा कि आपको अच्छा पाना है तो आपको अच्छाई देखने की आदत डालनी पड़ेगी।जब आप बुराई में अच्छाई देखने का अभ्यास कर लेंगे तो आपके जीवन में अच्छा होना शुरु हो जाएगा।उन्होंने सकल दिगम्बर जैन समाज बगीचा की प्रशंसा करते हुए स्वर्गीय उम्मेदमल जैन के प्रयासों को याद किया इसके साथ ही उन्होंने जैन समाज के प्रयासों को सराहा।
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ ओमप्रकाश जैन,रतन लाल जैन,विमल जैन,सज्जन जैन,रमेश जैन,पवन जैन,कैलाश जैन,सुरेश जैन,अमित जैन,अभिषेक जैन,वरुण जैन समेत बड़ी संख्या में गायत्री परिवार के कार्यकर्ता,स्थानीय नगरवासी व जैन समाज के लोग उपस्थित रहे।
आज दोपहर 2 बजे जैन मंदिर बगीचा के प्रवचन हाल में आचार्य प्रमाण सागर जी महाराज शंका समाधान के लिए आमजन के लिए उपस्थित रहेंगे।जहां कोई भी श्रद्धालु उनसे सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासा शांत कर समाधान प्राप्त कर सकते हैं।





0 Comments