जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 27 मार्च 2026
चैत्र रामनवमी के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास बगिया में आयोजित चार दिवसीय श्री रामनवमी महायज्ञ के दूसरे दिन गुरुवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ यज्ञ स्थल पर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।दूसरे दिन के धार्मिक अनुष्ठानों के तहत पूजन, हवन, आरती, प्रवचन एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया।
मुख्यमंत्री ने यज्ञ कुंड में आहुति अर्पित कर धार्मिक परंपराओं का पालन किया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ आरती में भी सहभागिता निभाई। उनकी उपस्थिति से पूरा वातावरण श्रद्धा और भक्ति से ओत-प्रोत हो उठा।इस अवसर पर मुख्यमंत्री के भाई जयप्रकाश साय एवं उनकी धर्मपत्नी द्वारा यज्ञ की समस्त विधियां विधिवत संपन्न कराई जा रही हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने भक्ति भाव से अनुष्ठानों में भाग लिया।
आयोजन के तहत आगामी दिनों में विशेष पूजन, नवकन्या पूजन, पूर्णाहुति, भव्य लीला, सहस्त्रधारा स्नान, मूर्ति विसर्जन एवं प्रसाद वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।यह महायज्ञ वर्ष 1993 से निरंतर आयोजित किया जा रहा है, जो क्षेत्र की आस्था और परंपरा का प्रमुख केंद्र बन चुका है। चार दिवसीय इस धार्मिक आयोजन के दौरान बगिया पूरी तरह भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा के वातावरण में सराबोर है।


0 Comments