अंबिकापुर, टीम पत्रवार्ता,10 मार्च 2026
रायपुर, रांची और वाराणसी के लिए नियमित वायुसेवा प्रारंभ करने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा के प्रतिनिधिमंडल ने माँ महामाया एयरपोर्ट दरिमा के निदेशक को ज्ञापन सौंपा।बताया गया कि लगभग एक माह पूर्व भी जिला कांग्रेस के एक दल ने एयरपोर्ट निदेशक से मुलाकात कर बंद पड़ी विमान सेवा को पुनः शुरू करने की मांग की थी। इसी क्रम में कांग्रेस महामंत्री आलोक सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल दरिमा पहुंचा और रायपुर, रांची तथा वाराणसी के लिए नियमित विमान सेवा शुरू करने को लेकर चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ये तीनों शहर प्रशासनिक कार्यों, स्वास्थ्य सेवाओं, सांस्कृतिक गतिविधियों और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। अंबिकापुर और सरगुजा क्षेत्र से प्रतिदिन हजारों लोग इन शहरों की ओर जाते हैं, लेकिन इन स्थानों के लिए कोई सीधी द्रुतगति रेल सेवा उपलब्ध नहीं है। विशेष रूप से वाराणसी और रांची के लिए भविष्य में रेलमार्ग की संभावना भी कम है, जबकि हवाई मार्ग के लिए आधारभूत ढांचा पहले से मौजूद है।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे आलोक सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा आम जनता को भी हवाई सेवा का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया गया था। सरगुजा जिले की जनता को उम्मीद है कि यह वादा केवल घोषणा तक सीमित नहीं रहेगा और इसे धरातल पर भी लागू किया जाएगा।
एयरपोर्ट निदेशक ने प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के बाद मांगों को उच्च अधिकारियों तक भेजने और इस दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान रजनीश सिंह, उत्तम राजवाड़े, नीतीश चौरसिया, विकल झा, हिमांशु जायसवाल, आशीष जायसवाल, सुरेंद्र गुप्ता, अंकित जायसवाल, ऋषभ जायसवाल, जयपाल, रवि, उमाशंकर, नरेंद्र गुप्ता, नीलेश कश्यप, कुशल अग्रवाल, गौतम गुप्ता, आकाश यादव, अभिषेक सोनी, अतुल यादव, अनमोल गोस्वामी, अभिनव काशी, लोलार सिंह, आयुष गुप्ता, सत्यम यादव, प्रियांशु जायसवाल, प्रिंस सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।



0 Comments