सरगुजा, टीम पत्रवार्ता, 30 मार्च 2026
सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खम्हरिया में सोमवार तड़के करीब 3 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। कोयला लोड हाईवा अनियंत्रित होकर एक दुकान में जा घुसा। हादसे के वक्त आसपास मौजूद लोग बाल-बाल बच गए।
इस दुर्घटना में दुकान में रखा लैपटॉप, फर्नीचर सहित घर का अन्य सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन में ही फंस गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी और कटर मशीन की मदद से उसे बाहर निकाला गया। चालक सुरक्षित है, जिसे इलाज के लिए उदयपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे भारी वाहनों के हादसों को लेकर लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।


0 Comments