जशपुर, टीम पत्रवार्ता,05 फरवरी 2026
जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत नॉट्रेडेम स्कूल, जूरुडांड में बीती रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने विद्यालय का ताला तोड़कर अंदर घुसते हुए कंप्यूटर लैब और प्राचार्य कक्ष को निशाना बनाया। घटना से स्कूल प्रबंधन व अभिभावकों में चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 4 फरवरी 2026, बुधवार की रात्रि को चोरों ने स्कूल परिसर में प्रवेश कर कंप्यूटर, CPU, की-बोर्ड, माउस और UPS सहित कई महंगे उपकरण चोरी कर लिए। इतना ही नहीं, सुरक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुँचाने के उद्देश्य से परिसर में लगे CCTV कैमरों को तोड़ दिया गया।
चोर प्राचार्य कार्यालय तक भी पहुँचे, जहाँ से दो CCTV DVR और PS सिस्टम भी अपने साथ ले गए। इससे स्कूल की पूरी निगरानी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर साधना ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। बगीचा पुलिस द्वारा जाँच शुरू कर दी गई है तथा आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है।
विद्यालय प्रशासन का कहना है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।इस घटना से अभिभावकों में भी चिंता देखी जा रही है, क्योंकि स्कूलों में सुरक्षा को लेकर यह गंभीर सवाल खड़े करता है।



0 Comments