रायपुर, टीम पत्रवार्ता, 06 फरवरी 2026
सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत रामगढ़ में आयोजित मितानिन स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन में छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मितानिनों को सम्मानित करते हुए कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की सबसे मजबूत और भरोसेमंद कड़ी हैं।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि शासन की स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में मितानिनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार मितानिनों के हर प्रयास में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।
सम्मेलन में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में उदयपुर विकासखंड की 59 ग्राम पंचायतों से 389 मितानिन, 20 मितानान ट्रेनर, 2 ब्लॉक को-ऑर्डिनेटर तथा 5 विकासखंड समन्वयक शामिल हुए। सम्मेलन का उद्देश्य पंचायत स्तर की स्वास्थ्य समस्याओं को सामने लाकर संबंधित विभागों तक पहुँचाना था।
मितानिनों ने अधिकारियों को क्षेत्रीय चुनौतियों से अवगत कराया, पंचायत प्रतिनिधियों को स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया तथा ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति को सक्रिय बनाने की आवश्यकता बताई।
जिला समन्वयक अर्चना कुशवाहा ने बताया कि मितानिनें मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता के माध्यम से समुदाय को सशक्त बनाने का कार्य कर रही हैं। वहीं विकासखंड समन्वयक गायत्री श्रीवास्तव और मानकुंवर प्रजापति ने मितानिनों को स्वास्थ्य तंत्र की मजबूत कड़ी बताया।
सम्मेलन के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 85 स्वास्थ्य विभाग, 26 महिला एवं बाल विकास, 12 पीएचई, 12 खाद्य विभाग, 25 जनपद स्तर, 8 पुलिस, 5 विद्युत, 5 शिक्षा, 5 सेंट्रल बैंक तथा 7 विधायक स्तर के आवेदन शामिल हैं। मंत्री राजेश अग्रवाल ने इन सभी मामलों में तत्काल कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सक्रिय उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी और सार्थक बना दिया।






0 Comments