जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 21जनवरी 2026
विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से “विकसित भारत – VB G राम G” अभियान को लेकर जिला भाजपा कार्यालय जशपुर में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जनप्रतिनिधियों, संगठन पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए रायगढ़ लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि VB G राम G देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह योजना केवल रोजगार तक सीमित नहीं, बल्कि गांवों के समग्र विकास का माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि जब तक गांव मजबूत नहीं होंगे, तब तक विकसित भारत का सपना पूरा नहीं हो सकता।
जिला संगठन प्रभारी अमर सुल्तानिया ने कहा कि VB G राम G को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मंडल स्तर पर कार्यशालाएं अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा ने कभी मनरेगा का विरोध नहीं किया, बल्कि उसकी व्यावहारिक कमियों को दूर करने के लिए नए कानून लाए गए हैं।
प्रदेश सह प्रभारी अम्बिकेश केशरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन 2047 तभी साकार होगा, जब ग्रामीण भारत का इंफ्रास्ट्रक्चर सुदृढ़ होगा। उन्होंने कांग्रेस पर दुष्प्रचार का आरोप लगाते हुए कहा कि मनरेगा को समाप्त नहीं किया गया है, बल्कि उसकी खामियों को सुधारकर VB G राम G के रूप में अधिक प्रभावी बनाया गया है।
उन्होंने बताया कि मनरेगा में मजदूरी भुगतान में महीनों की देरी होती थी, जबकि VB G राम G के तहत एक सप्ताह के भीतर मजदूरी सीधे बैंक खाते में भुगतान की गारंटी दी गई है। देरी होने पर ब्याज सहित भुगतान का प्रावधान किया गया है, जो श्रमिकों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा करता है।
पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि यह योजना आत्मनिर्भर भारत की नींव को मजबूत करेगी। वहीं जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि यह योजना आदिवासी एवं ग्रामीण अंचलों के लिए वरदान साबित होगी।
पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने कहा कि VB G राम G ग्रामीण भारत के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री मुकेश शर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल ने किया। बैठक में निर्णय लिया गया कि VB G राम G को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 27 जनवरी से 5 फरवरी तक मंडल स्तर की कार्यशालाएं अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएंगी।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत, उपाध्यक्ष यशप्रताप सिंह जूदेव सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



0 Comments