जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 01 सितंबर 2026
जिले के सन्ना एकीकृत महिला एवं बाल विकास परियोजना अंतर्गत कोदोपारा सेक्टर के ग्राम नन्हेसर में सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी विभाग के कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
कार्यक्रम में क्षेत्र के जनपद सदस्य राकेश गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके पहुंचने पर ग्रामीण महिलाओं और उपस्थित लोगों में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं महिलाओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं ने अपने अनुभव भी साझा किए और शासन की योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
योजनाओं का लाभ लेना नागरिकों का अधिकार : राकेश गुप्ता
मुख्य अतिथि जनपद सदस्य राकेश गुप्ता ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से नागरिकों के जीवन के अलग-अलग पड़ावों पर सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था से लेकर बच्चों के जन्म, शिक्षा, पोषण और आगे के जीवन तक सरकार की अनेक योजनाएं संचालित हैं। मृत्यु के बाद भी श्रद्धांजलि योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से सहायता का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार उनका लाभ लेने की अपील की। साथ ही विभागीय कर्मचारियों से कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के लिए उन्हें जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब पात्र हितग्राहियों तक उनकी जानकारी और लाभ दोनों पहुंचेंगे।
प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत
कार्यक्रम के दौरान आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बच्चों एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं के बाद प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए। पुरस्कार वितरण की व्यवस्था सेक्टर सुपरवाइजर धनकुंवर सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
कार्यक्रम का संचालन विभागीय सेक्टर सुपरवाइजर धनकुंवर सिंह ने किया। इस अवसर पर ग्राम नन्हेसर की सरपंच गीता हासदा, पंचायत की महिला पंचगण, पंचायत सचिव राजेंद्र यादव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।


0 Comments