जशपुरनगर, टीम पत्रवार्ता, 25 अक्टूबर 2026
जिला प्रशासन जशपुर द्वारा संचालित नवसंकल्प शिक्षण संस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नए बैच में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिले के युवाओं को विभिन्न राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की सरकारी भर्ती परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी का अवसर देने के उद्देश्य से संस्थान द्वारा प्रवेश परीक्षा आयोजित की जा रही है। इच्छुक अभ्यर्थी 26 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
संस्थान में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) की राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा, छत्तीसगढ़ व्यापमं, एसएसबी से संबंधित पटवारी, अमीन एवं छात्रावास अधीक्षक जैसी भर्ती परीक्षाओं के साथ कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की जीडी परीक्षा की तैयारी के लिए बैच संचालित किए जाएंगे। इससे जिले के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन और बेहतर अध्ययन सुविधाएं मिल सकेंगी।
1 नवंबर को चार केंद्रों पर होगी परीक्षा
नवसंकल्प शिक्षण संस्थान में प्रवेश के लिए ऑफलाइन परीक्षा 1 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके लिए जशपुर, कुनकुरी, पत्थलगांव और बगीचा में परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। प्रवेश परीक्षा का परिणाम 5 नवंबर को घोषित किया जाएगा। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 12 से 15 नवंबर तक होगी। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 16 नवंबर 2026 से नए बैच की कक्षाएं प्रारंभ होंगी।
मेरिट के आधार पर 50 विद्यार्थियों को हॉस्टल
प्रवेश परीक्षा की मेरिट के आधार पर कुल 50 विद्यार्थियों को निःशुल्क हॉस्टल सुविधा प्रदान की जाएगी। इसमें छात्र और छात्राएं दोनों शामिल होंगे। हॉस्टल की सुविधा मिलने से चयनित विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान आवास संबंधी सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
गूगल फॉर्म से करना होगा ऑनलाइन आवेदन
अभ्यर्थियों को निर्धारित गूगल फॉर्म के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन जमा करना होगा। आवेदन फॉर्म का लिंक प्राप्त करने और प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए नवसंकल्प शिक्षण संस्थान के आधिकारिक व्हाट्सऐप एवं टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ने की सलाह दी गई है।
जिला प्रशासन जशपुर एवं नवसंकल्प शिक्षण संस्थान ने जिले के युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और निर्धारित समय-सीमा यानी 26 अक्टूबर तक अपना आवेदन अवश्य जमा करें।


0 Comments