बगीचा/ जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 26 सितंबर 2026
क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश अब गरीब और कमजोर परिवारों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। भारी बारिश के बीच रोड किनारे स्थित सिरजू का कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। मकान के मलबे में तब्दील होने से परिवार के सामने सुरक्षित आशियाने का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही जनपद पंचायत बगीचा के उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता बारिश के बीच मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर मकान गिरने से हुए नुकसान की जानकारी ली तथा परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
बताया गया कि लगातार बारिश के कारण कच्चे मकान की स्थिति पहले से कमजोर हो गई थी। बारिश के बीच अचानक मकान गिरने से खपरैल, लकड़ियां और घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
मौके पर पहुंचे जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि बारिश और प्राकृतिक आपदा की इस स्थिति में प्रभावित परिवार को राहत दिलाने के लिए प्रशासन के समक्ष तत्काल पहल की जाएगी। उन्होंने क्षति का नियमानुसार आकलन कराकर शासन की राहत व्यवस्था के तहत सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
लगातार बारिश के बीच मकान गिरने की घटना ने एक बार फिर कच्चे मकानों में रहने वाले गरीब परिवारों की मुश्किलें सामने ला दी हैं। प्रभावित परिवार अब प्रशासन से राहत और सुरक्षित रहने की व्यवस्था की उम्मीद लगाए हुए है।


0 Comments