जशपुरनगर, टीम पत्रवार्ता, 29 सितंबर।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय ने कहा है कि बच्चे देश के भविष्य हैं। बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ संस्कार देना हम सभी का सामाजिक दायित्व है। शिक्षा के माध्यम से ही समाज और देश के भविष्य को बेहतर बनाया जा सकता है।
श्रीमती कौशल्या साय मंगलवार को जनपद पंचायत फरसाबहार अंतर्गत ग्राम पंचायत जामटोली के आश्रित मोहल्ले कोरवाटोली में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित विद्यादान एवं शिक्षा सहयोग कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं।
कोरवा बस्ती पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने कौशल्या साय का गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया। उन्होंने हाई स्कूल भवन के अतिरिक्त कक्ष में माता सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कोरवा समाज के बच्चों को स्कूल बैग, पेन और टी-शर्ट वितरित किए गए। बच्चों को न्यौता भोज भी कराया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कौशल्या साय ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे देश और समाज के भविष्य को संवारा जा सकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा देने के साथ उनके भीतर संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी जरूरी है।
फलदार पौधों का किया रोपण
कार्यक्रम के दौरान कौशल्या साय ने कोरवाटोली में आम और अमरूद के फलदार पौधों का रोपण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से पौधों की नियमित देखरेख करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के लिए स्वच्छ और बेहतर पर्यावरण जरूरी है। पेड़ हमें फल देने के साथ जीवनदायिनी ऑक्सीजन भी प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में डीडीसी वेदप्रकाश भगत, बुकेश भगत, कौशल्या यादव, घनश्याम यादव, बलराम भगत, राधिका पैंकरा, चंपावती, केशव चौहान, योगेश मिश्रा, सुमति चौहान, संमति मांझी, कुंवर साय, जयप्रकाश यादव, राकेश सिंह, देवकुमार, प्रियांश भगत, चितरंजन साय, कैलाश साय, मनोज रात्रे, भक्तो यादव, गजाधर भोय, कुंवर यादव, जनपद पंचायत के सीईओ मिथिलेश साय पैंकरा तथा बीईओ सीआर भगत सहित अन्य उपस्थित रहे।


0 Comments