जशपुरनगर, टीम पत्रवार्ता, 29 सितंबर 2026।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा के अनुरूप कुनकुरी नगर में दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों के लिए कुल 1 करोड़ 1 लाख 64 हजार रुपये की अंतिम स्वीकृति प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री साय ने ग्राम कलिबा में कलिबेश्वर महादेव मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान इन कार्यों की घोषणा की थी।
स्वीकृत कार्यों में वार्ड क्रमांक 06 स्थित हनुमान टेकड़ी के पास सूर्य नमस्कार चौक का निर्माण शामिल है, जिसके लिए 76.81 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं इसी क्षेत्र में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 24.83 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है।
सूर्य नमस्कार चौक के निर्माण से नगर को व्यवस्थित एवं आकर्षक सार्वजनिक स्थल मिलेगा, जबकि सामुदायिक भवन बनने से नागरिकों को सामाजिक, सांस्कृतिक और अन्य आयोजनों के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप दोनों कार्यों को अंतिम स्वीकृति मिलने पर कुनकुरी नगरवासियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से नगर में नागरिक सुविधाओं और अधोसंरचना के विस्तार को गति मिलेगी।


0 Comments