जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 2 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सार्थक प्रयासों से कुनकुरी के सलियाटोली में 4.37 करोड़ रुपये की लागत से 250 सीटर सर्वसुविधायुक्त नालंदा परिसर का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। यह परिसर युवाओं को महानगरों जैसी आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। मुख्यमंत्री ने 21 जून 2025 को इस परियोजना का भूमिपूजन किया था।
राज्य सरकार ने सभी जिला मुख्यालयों में नालंदा परिसर स्थापित करने की योजना बनाई है। जशपुर जिले में जशपुर नगर और कुनकुरी के सलियाटोली में ऐसे दो परिसर विकसित किए जा रहे हैं। यहां विद्यार्थियों को विशाल पुस्तकालय, डिजिटल संसाधन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आधुनिक वातावरण मिलेगा। विशेष बात यह है कि यह परिसर सप्ताह के सातों दिन, 24 घंटे अध्ययन के लिए खुला रहेगा।
नालंदा परिसर में इनडोर और आउटडोर दोनों तरह के रीडिंग स्पेस विकसित किए जा रहे हैं। ऑक्सी रीडिंग जोन के माध्यम से विद्यार्थी प्राकृतिक वातावरण में अध्ययन कर सकेंगे। परिसर का निर्माण ईको-फ्रेंडली डिजाइन पर किया जा रहा है, जहां सौर ऊर्जा से बिजली की व्यवस्था होगी और ऊर्जा की खपत कम होगी। परिसर में 50 से अधिक देशी प्रजातियों के पौधे भी लगाए जाएंगे।
युवाओं की समग्र आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए परिसर में यूथ टावर, स्पोर्ट्स कोर्ट, कैफेटेरिया, हेल्थ जोन और एटीएम जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। लाइब्रेरी में 50 हजार से अधिक पुस्तकें, डिजिटल लाइब्रेरी, हाई-स्पीड वाई-फाई तथा प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित अध्ययन सामग्री उपलब्ध रहेगी। साथ ही आरएफआईडी आधारित प्रवेश, बायोमेट्रिक पहचान, पुस्तकों की डिजिटल ट्रैकिंग और सॉफ्टवेयर आधारित पुस्तक प्रबंधन जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा।
यह नालंदा परिसर शिक्षा के क्षेत्र में जशपुर जिले के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी के लिए बड़े शहरों का रुख करने की आवश्यकता कम होगी।


0 Comments