... खबर पत्रवार्ता : बीजापुर के 11 गांवों में दोबारा खुले स्कूल, शिक्षा के साथ लौटी उम्मीद और विकास की नई राह,21 साल बाद पीडिया में फिर गूंजी स्कूल की घंटी।

ख़बरों के लिए 7000026456 पर व्हाट्सप करें

खबर पत्रवार्ता : बीजापुर के 11 गांवों में दोबारा खुले स्कूल, शिक्षा के साथ लौटी उम्मीद और विकास की नई राह,21 साल बाद पीडिया में फिर गूंजी स्कूल की घंटी।

 


रायपुर, टीम पत्रवार्ता,2 जुलाई 2026

कभी माओवादी हिंसा के कारण बंद पड़े बीजापुर जिले के पीडिया क्षेत्र के स्कूलों में 21 वर्षों बाद फिर से बच्चों की चहल-पहल लौट आई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित प्रयासों के तहत 11 गांवों के बंद स्कूलों का पुनः संचालन शुरू होने से 539 बच्चों को अब अपने गांव में ही शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।

प्रवेशोत्सव के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर शिक्षादूतों को शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई गई तथा बच्चों को स्कूल बैग, कॉपी, पेन और स्लेट वितरित कर विद्यालय में प्रवेश दिलाया गया। तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर बच्चों का आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और अभिभावक शामिल हुए।

पीडिया, पेदापाल, छोटेगोटोडी, कुएम, मदपाल, अंडरी, इडेनार, डोंडीतुमनार, मिरगानघोटूल, गमपुर और तमोड़ी गांवों के स्कूल वर्षों बाद फिर से खुलने से अब बच्चों को पढ़ाई के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा।

जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पांडे के अनुसार, जिला प्रशासन के विशेष अभियान के तहत इस वर्ष अब तक 20 प्राथमिक और 17 उच्च प्राथमिक विद्यालय सहित कुल 37 बंद स्कूलों का पुनः संचालन किया जा चुका है। इन विद्यालयों में भवन, पेयजल, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है।

कलेक्टर विश्वदीप ने कहा कि जिले के प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिन क्षेत्रों में अब शांति और सामान्य स्थिति बहाल हो चुकी है, वहां चरणबद्ध तरीके से बंद स्कूलों को दोबारा शुरू किया जा रहा है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।

पीडिया में दो दशक से अधिक समय बाद स्कूलों का पुनः खुलना केवल शिक्षा व्यवस्था की बहाली नहीं, बल्कि बदलते बस्तर की नई पहचान भी है। जहां कभी भय और सन्नाटा था, वहां आज बच्चों की मुस्कान, स्कूलों की घंटी और शिक्षा का उजाला भविष्य की नई उम्मीद जगा रहा है।

Post a Comment

0 Comments

Random Posts

पत्रवार्ता में अपनी ख़बरों के लिए 7000026456 पर व्हाट्सप करें

यह भी पढ़ें

खबर पत्रवार्ता : जिस पंचायत में दी सेवा, उसी पंचायत की निस्तारी जमीन पर किया कब्जा! ग्रामीणों में आक्रोश, सचिव दंपति ने उठाया प्रशासनिक शून्यता का फायदा।

जशपुर : ये है जल जीवन मिशन की हकीकत!देखिए ग्राउंड रिपोर्ट