रायपुर, टीम पत्रवार्ता, 29 जून 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में डिजिटल सुशासन की पहल अब ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है। राज्य सरकार का सेवा सेतु पोर्टल शासकीय सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाते हुए आम नागरिकों के लिए भरोसेमंद माध्यम बनकर उभरा है। घर बैठे ऑनलाइन आवेदन और तय समय में प्रमाण पत्र मिलने से लोगों का समय और पैसा दोनों बच रहे हैं, वहीं सरकारी सेवाओं पर भरोसा भी बढ़ा है।
इस बदलाव की मिसाल रायगढ़ जिले के पुसौर तहसील के ग्राम भाठनपाली निवासी अजय कुमार प्रधान हैं। वर्षों तक स्थायी जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने के बावजूद सफलता नहीं मिलने से वे कई सरकारी नौकरियों में आवेदन करने से वंचित रह जाते थे।
सेवा सेतु पोर्टल की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने पर तय समय में उनका स्थायी जाति प्रमाण पत्र जारी हो गया। इसके बाद उन्होंने रोजगार सहायक के पद के लिए आवेदन किया और अब अपने गांव के अन्य लोगों को भी जाति, आय, निवास सहित विभिन्न प्रमाण पत्रों के लिए सेवा सेतु पोर्टल का उपयोग करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की डिजिटल गवर्नेंस और सुशासन की नीति का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को लोगों के घर तक पहुंचाना है। सेवा सेतु पोर्टल इसी सोच का प्रभावी उदाहरण बनकर सामने आया है। इससे अनावश्यक कार्यालयी चक्कर कम हुए हैं, सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ी है और ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को समयबद्ध सुविधाएं मिल रही हैं।
राज्य सरकार का मानना है कि तकनीक आधारित प्रशासन से न केवल व्यवस्था अधिक जवाबदेह बनती है, बल्कि नागरिकों का शासन पर विश्वास भी मजबूत होता है। सेवा सेतु पोर्टल इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो छत्तीसगढ़ में सुशासन के मॉडल को और मजबूत कर रहा है।


0 Comments