धमतरी, टीम पत्रवार्ता,26 जून 2026
जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र के कपालफोड़ी गांव में शुक्रवार सुबह तालाब में नहाने के दौरान डूबने से चौथी कक्षा में पढ़ने वाली दो छात्राओं की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों बच्चियां सरकारी स्कूल की छात्राएं थीं और एक ही परिवार की बताई जा रही हैं।जानकारी के अनुसार, मोहर्रम के अवकाश के चलते शुक्रवार सुबह करीब 9:30 से 10 बजे के बीच दोनों बच्चियां गांव के तालाब में नहाने गई थीं। नहाने के दौरान वे गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं।
कुछ देर बाद गांव की एक महिला जब तालाब में नहाने पहुंची तो उसकी नजर किनारे रखे बच्चियों के कपड़ों और बाल्टी पर पड़ी। काफी देर तक बच्चियां दिखाई नहीं देने पर उसने गांव वालों को सूचना दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चियों को तालाब से बाहर निकालकर मगरलोड शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृत बच्चियों की पहचान गीतिका साहू और खुशबू साहू के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 8 से 10 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों बच्चियों की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


0 Comments