बगीचा, टीम पत्रवार्ता, 25 जून 2026
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बगीचा पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र के गांवों एवं नगर के विभिन्न वार्डों में सघन हेलमेट जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने जनप्रतिनिधियों, पार्षदों एवं ग्रामीणों के सहयोग से लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया।
नगर के कुरुमकेला, रामकृष्ण वार्ड-10, रौनी रोड, डम्हाटोली, डूमरटोली, गम्हरिया, बस स्टैंड, हाईस्कूल चौक सहित अन्य वार्डों में पुलिस टीम ने लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने तथा यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।
हाईस्कूल चौक स्थित वार्ड क्रमांक-9 में आयोजित कार्यक्रम में पीएसआई माधुरी वर्मा ने कहा कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना अपनी जान को जोखिम में डालना है। उन्होंने लोगों से मोटरसाइकिल एवं स्कूटी चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनने तथा कार चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की। साथ ही नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने से बचने की सलाह दी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों एवं नागरिकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई।
अभियान में पीएसआई माधुरी वर्मा, प्रधान आरक्षक दामिनी टोप्पो, यातायात प्रभारी फ्रांसिस, आरक्षक रवि सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
इस दौरान चन्द्रदेव ग्वाला, अमृत यादव, योगेश यादव, लालू यादव, बालकिशुन यादव, नासिर अंसारी, रामप्रसाद नागेश, अनिल प्रजापति, महीराम, मिट्ठू पाठक, गोल्डी जायसवाल, अंकित राजवाड़े सहित वार्डवासियों एवं पार्षदों ने अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।


0 Comments