जशपुर, टीम पत्रवार्ता, 24 जून 2026
जशपुर जिले के फरसाबहार थाना क्षेत्र के उपरघिंचा गांव में सरना पूजा के बाद घर लौटने की तैयारी कर रहे ग्रामीणों पर आकाशीय बिजली कहर बनकर टूटी। वज्रपात की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर शाम गांव में सरना पूजा संपन्न होने के बाद ग्रामीण सामूहिक भोजन कर अपने-अपने घर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से खरारी निवासी देवानंद राम की मौके पर मौत हो गई।
घटना में गांव के प्रेमचंद और संतोष सिंह भी घायल हो गए। प्रेमचंद का उपचार फरसाबहार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है, जबकि संतोष सिंह को बेहतर इलाज के लिए कुनकुरी स्थित होली क्रॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, उपरघिंचा गांव में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
फरसाबहार थाना प्रभारी समरेन्द्र सिंह ने बताया कि सरना पूजा के बाद ग्रामीण भोजन कर अपने घर जाने के लिए निकल रहे थे। इसी दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों का उपचार जारी है। मृतक के पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।


0 Comments