कुनकुरी, टीम पत्रवार्ता, 17 जून 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेश में विद्युत अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के अभियान के तहत कुनकुरी क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र कुनकुरी में 3.15 एमवीए क्षमता के पुराने पावर ट्रांसफार्मर के स्थान पर 5 एमवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर सफलतापूर्वक चालू कर दिया गया है। इसके साथ ही कुनकुरी नगर के लिए अतिरिक्त 11 केवी फीडर भी प्रारंभ कर दिया गया है।
नए ट्रांसफार्मर की स्थापना के लिए विभाग को कई तकनीकी और संरचनात्मक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराने के लिए दो डीपी को स्थानांतरित किया गया, अनुपयोगी नियंत्रण कक्ष को हटाया गया तथा पुराने ट्रांसफार्मर प्लिंथ की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का कार्य किया गया। सभी आवश्यक तैयारियों के बाद ट्रांसफार्मर प्रतिस्थापन का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ने से क्षेत्र की बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी। वहीं अतिरिक्त 11 केवी फीडर के चालू होने से कुनकुरी नगर में विद्युत भार का बेहतर प्रबंधन संभव होगा, जिससे ओवरलोडिंग की समस्या कम होगी और उपभोक्ताओं को अधिक सुचारू एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
इस पहल को क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों और बिजली उपभोक्ताओं ने इसका स्वागत करते हुए कहा कि इससे कुनकुरी की विद्युत व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।


0 Comments